home page

बिहार चुनाव : शिवहर लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे आगरा से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर

 | 
बिहार चुनाव : शिवहर लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे आगरा से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर


आगरा, 5 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 6और 11 नवंबर को मतदान होना है। भाजपा की ओर से 40 सांसदों को बिहार चुनाव के लिए भेजा गया है। सभी को एक-एक लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, भाजपा शासित प्रदेशों के मंत्रियों को भी बिहार भेजा गया है। एक मंत्री को दो विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा आगरा के जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनियाँ ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने आगरा के लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर को भी मतदाताओं की नब्ज टटोलने और पार्टी की नीतियों और विकास योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए बिहार भेजा है। वे बिहार की शिवहर लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। शिवहर क्षेत्र में मोतिहारी और सीतामढ़ी जिले की दो-दो विधानसभा सीट शामिल हैं। बिहार में निषाद मतदाताओं की अच्छी संख्या और उनके रुख को देखते हुए वोटों को साधने हेतु सांसद चाहर ने फतेहाबाद आगरा के पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा को भी वहां बुला लिया है।

आगरा के लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी से राजकुमार चाहर भाजपा के सांसद हैं और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।बिहार में प्रभावशाली भूमिहारों पर अपना प्रभाव और केंद्र की किसान योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के लिए वहां उनका भेजना भाजपा के लिए एक सही कदम साबित हो सकता है इसी पर फोकस करते हुए भाजपा ने राजकुमार चाहर को बिहार के चार विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है।

उल्लेखनीय है कि विगत लोकसभा चुनाव में लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी आगरा से चाहर भाजपा से सांसद निर्वाचित हुए हैं उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार रामनाथ सिकरवार को कम वोटो के अंतर से पराजित किया था।

वहीं आगरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार भी बिहार चुनाव में प्रचार को गए हैं। वह बरारी विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय सचिव एवं यूपी प्रभारी तौकीर आलम के लिए प्रचार में जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay