home page

आगरा : निजी गौशाला के गौवंशों को चराने के दौरान उनकी हालत बिगड़ी, 17 ने दम तोड़ा

 | 
आगरा : निजी गौशाला के गौवंशों को चराने के दौरान उनकी हालत बिगड़ी, 17 ने दम तोड़ा


आगरा, 22 मार्च (हि.स.)। रविवार को आगरा जनपद के थाना क्षेत्र फतेहपुर सीकरी अंतर्गत ग्राम दूरा में संचालित एक प्राइवेट गौशाला के गोवंशों को जंगल व खाली खेतों में चराने के दौरान गौवंशो की हालत बिगड़ने लगी। पशु चिकित्सा टीम द्वारा मौके पर पहुंचने से पहले 17 गोवंशों ने प्राण त्याग दिए। पशु चिकित्सा टीम द्वारा इस घटना में गंभीर रूप से बीमार अन्य गौवंशों का इलाज किया जा रहा है।

थानाक्षेत्र फतेहपुर सीकरी अन्तर्गत ग्राम दूरा स्थित महर्षि दुर्वासा गढ नामक निजी गौशाला है, जिसके संचालक महावीर सिंह (बाबा) निवासी ग्राम दूरा है। आज रविवार को रोज की भांति महावीर बाबा व अन्य गौशाला की देखरेख कर रहे लोग गायों को खाली खेत, जंगल में चराने ले गये थे। दोपहर बाद करीब 3 बजे चरने के दौरान गोवंशों की हालत अचानक खराब होने लगी और गोवंश एक-एक करके जमीन पर गिरने लगे जिसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दी गई, मौके पर डा0 संजय तोमर और डा0 केपी सिंह के पहुंचने से पहले ही 17 गोवंशों की मौत हो गई। इस घटना में अन्य बीमार गोवंशों का इलाज किया जा रहा है। सूचना एस एच ओ फतेहपुर सीकरी आनंद वीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और मृत गायों को जेसीबी की सहायता से गड्ढा खुदवा कर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व मृत गोवंशों का बिसरा इकट्ठा कर पोस्टमार्टम हेतु वेटरनरी विश्वविद्यालय मथुरा भेजा गया है। जिससे मृत्यु के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।

पूर्व प्रधान मुकेश कहरवार ने बताया कि महावीर बाबा वर्षों से अपने अथक प्रयासों और जन सहयोग से आवारा गोवंश को आश्रय देकर उनकी देखरेख करते आ रहे हैं। इस तरह की घटना ने हम सभी को गहरा धक्का लगा है। उपरोक्त गौशाला में करीब 100 गौवंश है।

उपजिलाधिकारी दिव्या सिंह ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, पोस्टमार्टम कराया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।

घटना की जानकारी होने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, कांग्रेस किसान जिलाध्यक्ष मुकेश डांगुर जानकारी करने हेतु घटनास्थल पहुंचे, स्थानीय लोगों द्वारा आशंका व्यक्त की जा रही है जंगल में चरने के दौरान गायों द्वारा कुछ विषैला चारा खाने से उक्त घटना घटित हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay