home page

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा और उग्र : राजीव जायसवाल

 | 
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा और उग्र : राजीव जायसवाल


कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। ऑटो-लोडर, पिकअप और डाला वाहन चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख रहा है। यदि इसके बाद भी शासन-प्रशासन ने हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ऑटो-लोडर संयुक्त कल्याण समिति के संस्थापक राजीव जायसवाल (विक्की) ने कहीं।

उत्तर प्रदेश ऑटो-लोडर संयुक्त कल्याण समिति ने ऑटो-लोडर, पिकअप और डाला वाहन चालकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में बांदा में प्रदर्शन कर संभागीय परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और वाहन चालकों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

संस्था के संस्थापक राजीव जायसवाल (विक्की) ने बताया कि संगठन द्वारा पहले ही निर्णय लिया गया था कि वाहन चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों में जाकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी क्रम में बांदा में प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया गया है। अब अगले चरण में प्रयागराज में प्रदर्शन कर अधिकारियों के समक्ष मांगें रखी जाएंगी।

ज्ञापन में परिवहन विभाग द्वारा एंट्री सिस्टम के नाम पर कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने, पिकअप एवं डाला वाहनों पर किए जा रहे भारी-भरकम चालानों की समीक्षा करने, वाहन चालकों के उत्पीड़न पर रोक लगाने, चालकों से मोबाइल फोन जब्त करने की कार्रवाई बंद करने, हल्के मालवाहक वाहनों से जुड़े नियमों में राहत देने तथा वाहन चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए समिति के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता किए जाने सहित कई मांगें शामिल हैं।

राजीव जायसवाल ने कहा कि संगठन फिलहाल लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को शासन और प्रशासन तक पहुंचा रहा है। यदि लगातार ज्ञापन देने और वार्ता के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रदेश के हजारों ऑटो-लोडर, पिकअप और डाला वाहन चालकों को राहत दिलाना है, ताकि उन्हें अनावश्यक कार्रवाई और उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप