home page

गैस एजेंसी के गेट पर लटका ताला, आठ दिन से उपभोक्ता परेशान

 | 
गैस एजेंसी के गेट पर लटका ताला, आठ दिन से उपभोक्ता परेशान


हमीरपुर, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर विकासखंड क्षेत्र के छानी गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गेट पर ताला लटका हुआ है ,जिससे उपभोक्ता परेशान होकर इधर-उधर भटक रहे हैं।

बीते लगभग आठ दिनों से उपभोक्ता रोजाना एजेंसी के चक्कर लगाते हैं और मायूस होकर लौट जाते हैं। छानी खुर्द-बुजुर्ग और आसपास के कल्ला,धनपुरा ,खड़ेही ,रूरीपारा ,वहदीना ,अझपुरा ,बजेहटा ,भुजपुर समेत लगभग एक दर्जन गांवों के लगभग 09 हजार उपभोक्ता गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं। छानी गांव निवासी नसीम ,शरीफ ने बुधवार को बताया कि वे रोजाना एजेंसी तक आते हैं और खाली हांथ लौट जाते हैं। कहा कि आगे ईद का त्योहार आने वाला है ,गैस न होने की वजह से बहुत परेशानी उठानीं पड़ रही है। दोनों ने बताया कि बीते आठ दिनों से उनके घर में गैस नहीं है ,बड़ी मुश्किल से चूल्हे में खाना बनता है।बताया एजेंसी धारक गैस न होने की बात कहकर लौटा देता है।गांव के ही अभिषेक ने बताया कि एक सप्ताह पहले गैस बुक की थी लेकिन अभी तक गैस नहीं मिली है। बताया कि एजेंसी धारक फोन भी नहीं उठता ,घर में लकड़ियां भी नहीं है ,खाना बनाने में बहुत मुश्किल होती है। वहीं एजेंसी धारक अनूप कुमार सचान ने बुधवार को बताया कि बीते 10 मार्च से उनको गैस ही नहीं मिली है ,कैसे बांटें। बताया चेक और ड्राफ्ट भी लगे हुए हैं ,अधिकारी आज-कल कर रहे हैं गैस नहीं भेज रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा