लोकसभा में उठा अगानपुर रेलवे पुल के चौड़ीकरण का मुद्दा
बाराबंकी, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रामनगर मुख्य चौराहे से निकल कर
फतेहपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित अगानपुर रेलवे पुल के चौड़ीकरण का मामला सांसद तनुज पुनिया ने लोकसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि यह पुल काफी संकरा है जिसकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं और आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे जनहित में चौड़ा कराया जाए।
सांसद ने सदन में सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि क्षेत्र की बढ़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए इस पुल का चौड़ीकरण बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने मांग की कि यह पुल अयोध्या से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए जीवन रेखा है । जन हित को ध्यान में रखते हुए अगानपुर रेलवे पुल को जल्द से जल्द चौड़ा कराया जाए ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही सांसद तनुज पुनिया ने भयारा रेलवे क्रॉसिंग पर पिछले डेढ़ साल से बन रहे पुल का मुद्दा भी लोकसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निर्माण कार्य चलने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराते हुए पुल को जल्द चालू कराने की मांग की, जिससे क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

