home page

सब्जी और मसाला फसलों की उन्नत तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय : प्रो. केशव चंद्र आर्य

 | 
सब्जी और मसाला फसलों की उन्नत तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय : प्रो. केशव चंद्र आर्य


कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। सब्जी और मसाला फसलों की उन्नत खेती के साथ मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार कर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। यह बातें मंगलवार को प्रो. केशव चंद्र आर्य ने सब्जी अनुभाग में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के सब्जी विज्ञान विभाग में कृषि विभाग औरैया के सहयोग से शैक्षिक भ्रमण और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति, औरैया से 50 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों का समूह रीना पांडेय के नेतृत्व में पहुंचा।

प्रो. केशव चंद्र आर्य ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सब्जी विज्ञान विभाग की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद डॉ. संजीव सचान ने विभाग की ओर से विकसित विभिन्न सब्जी एवं मसाला फसलों की प्रजातियों के उत्पादन की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने मसाला फसलों से अधिक उत्पादन लेने के साथ उनके मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार कर बाजार से बेहतर आय प्राप्त करने के तरीके बताए।

डॉ. आरके पाल ने सब्जी फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में अभिषेक सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को पाली हाउस का भ्रमण कराया और वहां सब्जी उत्पादन की तकनीकों से अवगत कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप