home page

योग अपनाएं, स्वस्थ रहें और स्वस्थ समाज बनाएं : डॉ. राम किशोर

 | 
योग अपनाएं, स्वस्थ रहें और स्वस्थ समाज बनाएं : डॉ. राम किशोर


कानपुर, 08 जून (हि.स.)। नौ से 21 जून तक आयोजित होने वाले योग पखवाड़े का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग का लाभ पहुंचाना है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। इसी भावना के साथ विश्वविद्यालय योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। यह बातें सोमवार को योग पखवाड़ा समन्वयक डॉ. राम किशोर ने कहीं।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की वैश्विक थीम योगा फ़ॉर हेल्थी एजिंग के तहत छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में नौ जून से योग पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक करेंगे।

उद्घाटन समारोह के बाद ईशा फाउंडेशन द्वारा विशेष ध्यान कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। पखवाड़े के दौरान विश्वविद्यालय परिसर तथा विभिन्न संस्थानों में कुल 15 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में महिला योग शिविर, समर योग कैंप, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योग शिविर, पूर्व योग छात्रों का सम्मेलन, योग चिकित्सा शिविर, योग चिकित्सा कार्यशाला, ध्यान शिविर, अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग सत्र तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य समारोह शामिल हैं।

कार्यक्रमों का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग, सीएसजेएमयू योग ओपीडी तथा नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। ब्रह्मकुमारी, गायत्री परिवार, ईशा फाउंडेशन, इस्कॉन, एनसीसी, एनएसएस और अन्य सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग करेंगी।

विश्वविद्यालय में वर्तमान में बीएससी योग साइंस, एमए योग, एमएससी योग साइंस और पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रम संचालित हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि योग शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। योग पखवाड़े का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन के साथ होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप