मेजर ध्यान चन्द खेल विश्वविद्यालय मेरठ में प्रवेश के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन
मुरादाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। मेजर ध्यान चन्द खेल विश्वविद्यालय मेरठ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.sportsuniup.com पर प्रॉस्पेक्टस जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी वहीं से विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी लेकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस सत्र में बीपीईएस, बीएससी योग, एमएससी योग, पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन तथा पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग (एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, इक्वेस्ट्रियन, हॉकी, कबड्डी, रेसलिंग व योग) जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खेल के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह बेहतर मंच है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इसमें अभ्यर्थी घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं या कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

