home page

सीएसजेएमयू : स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, छात्रों को बेहतर शिक्षा और प्लेसमेंट के मिलेंगे अवसर : सुधांशु पंड्या

 | 
सीएसजेएमयू : स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, छात्रों को बेहतर शिक्षा और प्लेसमेंट के मिलेंगे अवसर : सुधांशु पंड्या


कानपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। सत्र 2026-27 के लिए हमारे संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और हम उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कुशल प्रबंधक व उद्यमी तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। छात्रों को आधुनिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और बेहतर प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित योग्यता के साथ आवेदन कर सकते हैं। यह बातें रविवार को संस्थान के निदेशक प्रो. सुधांशु पांड्या ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ हो गया है। वर्ष 1986 से स्थापित यह संस्थान प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए हुए है। यहां एमबीए, एमबीए (वित्तीय सेवाएं), बीबीए, बीबीए (पूंजी बाजार), बी.कॉम (ऑनर्स), एमएचए (अस्पताल प्रशासन), एम.कॉम और पीएचडी जैसे पाठ्यक्रम संचालित हैं।

संस्थान में एमबीए की 240 सीटें, एमबीए (वित्तीय सेवाएं) की 60 सीटें, बीबीए की 480 सीटें, बी.कॉम (ऑनर्स) की 240 सीटें, एमएचए की 60 सीटें और एम.कॉम की 30 सीटें निर्धारित हैं। एमबीए की वार्षिक फीस 90,200 रुपये, बीबीए की 65,200 रुपये और बी.कॉम (ऑनर्स) की 60,200 रुपये तय की गई है।

प्रवेश के लिए एमबीए, एमएचए, एम.कॉम और एमबीए (वित्तीय सेवाएं) में स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं, जबकि बीबीए, बीबीए (पूंजी बाजार) और बी.कॉम (ऑनर्स) के लिए 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

संस्थान में स्मार्ट कक्षाएं, डिजिटल लर्निंग सिस्टम, वाई-फाई परिसर, आधुनिक कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। छात्रों को प्लेसमेंट प्रशिक्षण और कॉर्पोरेट नेटवर्क के माध्यम से इंटर्नशिप व रोजगार के अवसर मिलते हैं। कई विद्यार्थियों को 13 लाख रुपये वार्षिक तक का पैकेज प्राप्त हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप