पूविवि के बीपीएड कॉलेजों में 450 सीटों पर प्रवेश शुरू, 30 जून तक करें आवेदन
जौनपुर,28 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पूविवि) से संबद्ध बीपीएड कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों की दक्षता परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। इस संबंध मे रविवार को जानकारी लेने पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विनोद सिंह ने बताया कि जौनपुर और गाजीपुर जिले में कुल आठ संबद्ध बीपीएड कॉलेज संचालित हैं, जिनमें कुल 450 सीटों पर प्रवेश होगा। इनमें जौनपुर जिले में केवल श्री हरि महाविद्यालय, लहंगपुर (जलालपुर) में बीपीएड पाठ्यक्रम संचालित है, जबकि शेष सात कॉलेज गाजीपुर जिले में स्थित हैं।बीते एक दशक से अधिक समय से बीपीएड शिक्षकों के पदों पर नई नियुक्तियां नहीं होने के कारण इस पाठ्यक्रम के प्रति छात्रों का आकर्षण लगातार कम हुआ है। इसका असर प्रवेश प्रक्रिया पर भी पड़ रहा है और हर वर्ष बड़ी संख्या में सीटें खाली रह जाती हैं।हालांकि, अन्य राज्यों में बीपीएड शिक्षकों की नियुक्तियां होने के कारण वहां के अभ्यर्थी पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश लेने पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद आवेदन कम मिलने से कॉलेज संचालकों को इस बार भी सीटें खाली रहने की चिंता बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

