home page

ओलावृष्टि पर प्रशासन अलर्ट, डीएम के निर्देश से राजस्व टीमें गांव-गांव पहुंचीं

 | 
ओलावृष्टि पर प्रशासन अलर्ट, डीएम के निर्देश से राजस्व टीमें गांव-गांव पहुंचीं


उरई, 04 अप्रैल (हि.स.)। शनिवार को जनपद में हुई बेमौसम ओलावृष्टि को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तत्काल प्रभाव से राजस्व एवं विकास विभाग की संयुक्त टीमों को सक्रिय कर दिया है।

उन्होंने उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि वे माधौगढ़, कुठौंद, रमपुरा एवं कोंच क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर फसल क्षति का विस्तृत सर्वे सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की किसी भी प्रकार की क्षति का सही एवं पारदर्शी आंकलन किया जाए, ताकि शासन स्तर पर राहत दिलाने की कार्यवाही शीघ्रता से सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए और किसी भी प्रभावित किसान को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आंकलन करे तथा रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत करे, जिससे राहत वितरण की प्रक्रिया में विलम्ब न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्या प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में राजस्व टीमें क्षेत्र में सक्रिय होकर गांव-गांव पहुंच रही हैं और फसल क्षति का सर्वे कार्य तेजी से किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा