home page

फसल नुकसान पर सख्त प्रशासन, गाटा-वार सर्वे से तय होगी राहत : जिलाधिकारी

 | 
फसल नुकसान पर सख्त प्रशासन, गाटा-वार सर्वे से तय होगी राहत : जिलाधिकारी


कानपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल को हुए नुकसान को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गाटा-वार सर्वे कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने में जुट गया है। किसानों को समय से क्षतिपूर्ति दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सर्वे कार्य में तेजी लाकर जल्द रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।

जनपद में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ने तहसील सदर के सचेंडी तथा सोना गांव में खेतों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसल क्षति की स्थिति देखी और प्रभावित किसानों से बातचीत कर वास्तविक नुकसान की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याएं सुनीं और वर्षा से फसलों पर पड़े प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी ली। किसानों ने बताया कि अचानक हुई बारिश से कई स्थानों पर खड़ी फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे आर्थिक नुकसान की चिंता बढ़ गई है।

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में फसलें प्रभावित हुई हैं, वहां तत्काल सर्वेक्षण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों में गाटा-वार एवं क्षेत्रवार फसल क्षति का विस्तृत आकलन सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य की नियमित निगरानी की जाए और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तैयार रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर क्षतिपूर्ति मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप