home page

गुरु जंभेश्वर विवि से सम्बद्ध कॉलेज में स्वीकृत सीटों से अधिक दाखिले होंगे अवैध

 | 
गुरु जंभेश्वर विवि से सम्बद्ध कॉलेज में स्वीकृत सीटों से अधिक दाखिले होंगे अवैध


निरीक्षण के समय महाविद्यालय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए जाते हैं तो होगी कार्रवाई : कुलसचिव

मुरादाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबंधित कॉलेजों में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है। विवि कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी का कहना है कि कॉलेजों में यदि स्वीकृत सीटों से अधिक संख्या में छात्रों का दाखिला लिया जाता है तो वह अवैध हो जाएगा। उन्होंने कॉलेजों को केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों/विषयों में प्रवेश एवं पंजीकरण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें महाविद्यालय को वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विवि से संबद्धता प्राप्त हो। उन्हाेंने बताया कि परास्नातक में प्रवेश के लिए 19 सितंबर को मेरिट सूची जारी होगी।

कुलसचिव ने साेमवार काे आगे कहा कि कॉलेज द्वारा विषयवार स्वीकृत सीटों के सापेक्ष ही प्रवेश व सीट लॉक की प्रक्रिया संपादित की जाए। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के मानकों के अनुसार प्रत्येक सेमेस्टर में न्यूनतम 10 शिक्षण दिवस का संचालन प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्थानीय अवकाशों, त्योहारों या अपरिहार्य कारणों से यदि कार्यदिवस कम होते हैं तो प्राचार्य अपने स्तर पर अतिरिक्त कक्षाएं लगवाकर पाठ्यक्रम समय से पूरा करवाएंगे। एनईपी के मानकों के अनुसार, सभी विषयों के सतत आंतरिक मूल्यांकन समय से पूर्ण किया जाए। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक और छात्रों की उपस्थिति विवि के पोर्टल पर समय से अपलोड की जाए, ताकि मुख्य सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम में विलंब न हो। उन्होंने कॉलेजों में सभी प्रकार के दस्तावेज उपलब्ध रखने को कहा है, ताकि निरीक्षण के दौरान असुविधा न हो।

गिरीश कुमार द्विवेदी ने कहा कि यदि निरीक्षण के समय महाविद्यालय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए जाते हैं तो कार्यवाही की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल