home page

नाव हादसा : एडीजी ने घटनास्थल का लिया जायजा, पीड़ित परिजनों को दी सांत्वना

 | 
नाव हादसा : एडीजी ने घटनास्थल का लिया जायजा, पीड़ित परिजनों को दी सांत्वना


हादसे में मारे गए छह लोगों के परिजनों को मिलेंगे चार-चार लाख रुपये

हमीरपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में यमुना नदी में नाव पलटने से छह लोगों की मौत की सूचना पाते ही एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर भौला मजरा में कल शाम यमुना नदी में नाव पलटने से छह लोग गहरे पानी में समा गए थे। सूचना पाते ही देर रात डीआईजी राजेश एस ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। पूरी रात वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें डेरा डाले रही। रात भर एसडीआरएफ, पीएसी फ्लड व स्थानीय गोताखोर नदी में लापता लोगों की तलाश करते रहे। आज गुरुवार को प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। एडीजी ने सर्च आपरेशन का जायजा भी लिया। उन्होंने बताया कि हादसे में एक महिला व पांच बच्चों की मौत हुई है। पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद मिलेगी। इधर एडीएम फाइनेंस राकेश कुमार ने गुरुवार को शाम बताया कि मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता कल ही मुहैया करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह हादसा बहुत ही दुखद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा