home page

अपर मुख्य सचिव ने यूपी ट्रेड शो की तैयारियों को परखा

 | 
अपर मुख्य सचिव ने यूपी ट्रेड शो की तैयारियों को परखा


नोएडा, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने सोमवार को 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने जा रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यातायात, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, शटल सेवा एवं सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने ट्रेड शो के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने के आदेश दिए साथ ही इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने पर बल दिया।

यूपी ट्रेड शो का आयोजन

अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने बताया कि एक्सपो मार्ट में यूपी ट्रेड शो का चतुर्थ संस्करण आयोजित होगा। इसमें करीब पांच लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। रोजाना वीवीआईपी मूमवेंट भी रहेगा। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो औद्योगिक, व्यापारिक एवं उद्यमिता क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का मंच है। ऐसे में यहां बड़ी संख्या में उद्यमी और निवेशक और खरीदार पहुंचेंगे। उन्होंने अफसरों को उनकी सुविधा एवं सुरक्षा के प्रति सजग किया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाएँ आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक व्यवस्था को समयबद्ध रूप से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात एवं वीआईपी मूवमेंट की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन, दिशा-सूचक संकेतक एवं यातायात दबाव वाले स्थानों को चिह्नित कर प्रभावी कार्ययोजना के अनुसार व्यवस्था के निर्देश दिए। पर्याप्त पार्किंग की उपलब्धता के साथ आयोजन स्थल तक आगंतुकों की सुगम आवाजाही के लिए शटल चलाने व अन्य सुविधा पर जोर दिया। सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत सीसीटीवी, पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को भी सुनिश्चित करने पर बल दिया। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था एवं प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रमुख सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश शशि भूषण लाल सुशील, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग उत्तर प्रदेश के. विजयंद्र पांडियन, एमएसएमई सचिव प्रांजल यादव, मंडलायुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी, अपर आयुक्त उद्योग रोहित आनंद, सीईओ ग्रेटर नोएडा रवि कुमार एनजी, सीईओ यीडा राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, चेयरमैन इंडिया एक्सपो मार्ट राकेश कुमार व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

वहीं गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने यूपी ट्रेड शो को लेकर होटल संचालकों के साथ भी बैठक की। ट्रेड शो में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर से आने वाले अतिथियों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश दिए गए। उन्होने कहा कि होटल संचालक ट्रेड शो के दौरान आने वाले अतिथियों के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा होटल में साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल व सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रखें। निर्धारित दरों एवं बुकिंग से संबंधित नियमों का पालन किया जाए। किसी भी अतिथि अथवा आगंतुक से निर्धारित दर से अधिक राशि न वसूल की जाए।

जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों से भी अपेक्षा की है कि वे अपने संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ट्रेड शो से अधिक से अधिक जोड़ें। विद्यार्थियों को ट्रेड शो में भ्रमण के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि उन्हें देश-विदेश से आने वाले उद्योगों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, तकनीक एवं नवाचार से प्रत्यक्ष रूप से परिचित होने का अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान अपने शैक्षणिक, शोध, नवाचार, स्टार्टअप एवं रचनात्मक कार्यों से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की दिशा में कार्य करें। इससे जनपद के शिक्षण संस्थानों की क्षमता एवं उपलब्धियों को व्यापक मंच प्राप्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी