home page

ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, कई ट्रक पकड़े गए, 4 सीज मचा हड़कंप

 | 
ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, कई ट्रक पकड़े गए, 4 सीज मचा हड़कंप


चित्रकूट के सदर एसडीएम अजय यादव के नेतृत्व में चला अभियान

चित्रकूट, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद के कर्वी तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है,। शुक्रवार को चलाए गए आकस्मिक धर पकड़ अभियान में चार ट्रक अवैध और ओवरलोड की स्थिति में पकड़कर सीज कर दिए गए हैं। सदर एसडीएम अजय यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों और चालकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, एसडीएम अजय यादव ने टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें ओवरलोड चल रहे वाहनों के साथ-साथ बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे ट्रकों को भी पकड़ा गया। कई ट्रकों के पास जरूरी एमएम-11 (खनन परिवहन से संबंधित प्रपत्र) नहीं पाए गए, जिसके चलते उन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

पकड़े गए चारों वाहनों को भरतकूप थाना और शिवरामपुर चौकी को सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से खनन सामग्री ढोने वाले और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन स्वामियों में अफरा-तफरी का माहौल है।

एसडीएम अजय यादव ने कहा कि ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के वाहन संचालन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप जिला मजिस्ट्रेट अजय यादव का स्पष्ट कहना है कि संलिप्तता पाए जाने पर विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल