home page

अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग अभियान में एक ही दिन में प्राप्त हुआ चार लाख का राजस्व

 | 
अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग अभियान में एक ही दिन में प्राप्त हुआ चार लाख का राजस्व


कानपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को जनपद में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध झांसी कानपुर रोड पर प्रभावी कार्रवाई की गई। करवाई में खान अधिकारी, कानपुर नगर द्वारा पुलिस बल के साथ जनपद में उपखनिज बालू, मोरंग एवं गिट्टी से लदे वाहनों की औचक जांच एवं चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान लगभग 110 वाहनों की जांच की गई, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर सात वाहन ओवरलोडिंग अथवा बिना परिवहन प्रपत्र के संचालित होते हुए पाए गए। संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं सीज करने की कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई के अंतर्गत खनिज विभाग, कानपुर नगर को लगभग चार लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने टास्क फोर्स के समस्त सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद में खनन एवं खनिज परिवहन की निरंतर निगरानी करते हुए औचक जांच की जाए। अवैध खनन, बिना वैध परिवहन प्रपत्र के खनिज परिवहन तथा ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अनियमित परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप