home page

नशेबाज वाहन चालकों के खिलाफ की गई कार्रवाई, 48 वाहनों पर 4.5 लाख का लगाया गया जुर्माना

 | 
नशेबाज वाहन चालकों के खिलाफ की गई कार्रवाई, 48 वाहनों पर 4.5 लाख का लगाया गया जुर्माना


फतेहपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने रविवार बीती रात एक अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर और सीओ यातायात प्रगति यादव के पर्यवेक्षण में जिले के तीन प्रमुख टोल प्लाजा केन्द्रों पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। 48 वाहनों पर 4.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, साथ ही एक डंपर को सीज भी किया गया।

खागा तहसील स्थित काटोघन टोल प्लाजा पर सीओ खागा दुर्गेशदीप की मौजूदगी में टीएसआई अवधेश कुमार सिंह व खागा सीसी टीम प्रभारी कृष्ण कुमार ने कमान संभाली। वहीं जिंदपुर टोल प्लाजा पर यातायात प्रभारी निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव व ललौली सीसी टीम प्रभारी एरिस पटेल ने चेकिंग की। बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई बृजेश तिवारी व थाना कल्याणपुर प्रभारी सुमित देव पांडेय की टीम तैनात रही।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आज के इस अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 30 चालकों पर कार्रवाई करते हुए 03 लाख रुपये का ई-चालान किया गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 18 ई-चालान कर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान एक डंपर वाहन को सीज भी किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार