home page

13 अवैध ईंट भट्ठाें पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संचालन कराया बंद

 | 

बागपत, 07 जुलाई (हि.स.)। बागपत जनपद में प्रशासन ने 30 जून के बाद अवैध रूप से संचालित 13 ईंट भट्टों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में ये भट्ठे पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करते पाए गए, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से इनका संचालन बंद करा दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार एनसीआर क्षेत्र में 1 मार्च से 30 जून तक ईंट भट्ठाें का संचालन प्रतिबंधित रहता है और इसके उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच में कुल 16 भट्ठे मानकों के विरुद्ध पाए गए हैं, जिन पर पर्यावरणीय प्रतिकर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दोषी संचालकों पर 10 हजार से 15 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपद के करीब 390 ईंट भट्ठाें को प्रत्येक परिसर में कम से कम 100 पौधे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदूषण पर नियंत्रण और हरित वातावरण को बढ़ावा मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी