home page

आपदा में संबल देने को तत्पर है संवेदनशील योगी सरकार

 | 

गोरखपुर, 22 जून (हि.स.)।

योगी सरकार किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में जनता को आर्थिक सहायता का संबल देने के लिए पूरी संवेदनशीलता से तत्पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद ऐसी स्थितियों का संज्ञान लेते हैं। उनके दिशानिर्देश पर प्रशासनिक अमला त्वरित सक्रियता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों को बिना विलंब किए शासन की तरफ से निर्धारित आर्थिक सहायता की धनराशि उपलब्ध करा रहा है। गोरखपुर जनपद में वर्तमान वित्तीय वर्ष (2026-27) के अंतर्गत 17 जून तक विभिन्न आपदाओं के चलते हुई 46 जनहानि के मामलों में त्वरित कार्यवाही करते हुए पौने दो करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।

जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवार को अविलंब राहत धनराशि उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा का शत प्रतिशत अनुपालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी बताते हैं कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 17 जून तक नदी या तालाब में डूबने, सर्पदंश और अग्निकांड आदि की आपदा में जनहानि के कुल 46 मामले आए। इन सभी मामलों में प्रशासन ने पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ कुल 1 करोड़ 84 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक परिजनों को सौंपे हैं। आपदा से जनहानि की दशा में प्रति मृतक 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। संकट की घड़ी में मिली इस त्वरित आर्थिक मदद से पीड़ित परिवारों को बड़ा संबल मिला है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी तरह की आपदा में पीड़ित परिवारों को राहत देने में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। यही कारण है कि गोरखपुर का जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर रहता है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर त्वरित आकलन करती हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को सहायता राशि के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

सरकार की इस संवेदनशीलता और जवाबदेही से जनता के बीच आपदा प्रबंधन तंत्र पर भरोसा और मजबूत हुआ है। गोरखपुर में जनहानि के इन 46 मामलों में से 23 मामलों में मृत्यु की तिथि से चार दिन के भीतर सहायता राशि का वितरण कर दिया गया जबकि शेष अन्य मामलों में भी सप्ताह से दस दिन के भीतर राहत राशि उपलब्ध करा दी गई।

वर्तमान वित्तीय वर्ष में आपदा से जनहानि

नदी/तालाब में डूबने से- 37

आंधी-तूफान- 1

आकाशीय बिजली- 2

अग्निकांड- 3

सर्पदंश- 2

जानवर हमला- 1

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय