home page

सीएसआईआर- यूजीसी नेट में सुमित कुमार श्रीवास्तव ने हासिल की ऑल इंडिया 72वीं रैंक

 | 
सीएसआईआर- यूजीसी नेट में सुमित कुमार श्रीवास्तव ने हासिल की ऑल इंडिया 72वीं रैंक


गोरखपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के एमएससी रसायन विज्ञान (2024-26) बैच के छात्र सुमित कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त सीएसआईआर- यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 72वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने यह सफलता अपने प्रथम प्रयास में प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।

सुमित की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर विभाग के शिक्षकों, विभागीय सदस्यों, सहपाठियों एवं परिजनों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि सुमित की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है और यह उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा अध्ययन के प्रति समर्पण का परिणाम है।

लगातार बेहतर प्रदर्शन का सिलसिला

सुमित कुमार श्रीवास्तव ने इससे पहले भी विभिन्न प्रतिष्ठित परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बीएससी की पढ़ाई के दौरान उन्होंने IIT-JAM (रसायन विज्ञान) परीक्षा में ऑल इंडिया 118वीं रैंक हासिल की थी। इसके अलावा उन्होंने देश की प्रतिष्ठित शोध संस्था TIFR की परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी।

सीएसआईआर- यूजीसी नेट में प्रथम प्रयास में ऑल इंडिया 72वीं रैंक हासिल करना उनकी शैक्षणिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। लगातार प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे सुमित ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।

मेहनत और लगन को बनाया सफलता का आधार

सुमित की उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, लगन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी इस सफलता से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और रसायन विज्ञान विभाग में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों और परिजनों ने उम्मीद जताई कि सुमित भविष्य में शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर विश्वविद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय