home page

चोरी व नकबजनी का आरोपित गिरफ्तार

 | 
चोरी व नकबजनी का आरोपित गिरफ्तार


देवरिया, 16 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सलेमपुर पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, जेवर, दस्तावेज और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि 15/16 जुलाई की रात पुलिस टीम ने थाना सलेमपुर में दर्ज मुकदमा से संबंधित कार्रवाई करते हुए जमालुद्दीन पुत्र रिशाद अली उर्फ इरशाद (28 वर्ष) निवासी बेलवार, थाना अहिरौली बाजार, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया।

आरोपी की निशानदेही पर चोरी का अन्य सामान भी बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) एवं 317(4) की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ( दक्षिणी ) ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने थाना सलेमपुर क्षेत्र के औरंगाबाद व मझौलीराज में जून माह में हुई चोरी की घटनाओं के अलावा थाना खुखुंदू क्षेत्र के परसिया अभिलाष गांव तथा बरहज और भलुअनी थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21,700 रुपये नकद, एक पासपोर्ट, दो पासबुक, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी पायल, चार बिछिया तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाली दो लोहे की छैनी, एक प्लास और सर्जिकल दस्ताने बरामद किए हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक इन्द्रेश कुमार, उपनिरीक्षक दीपक पटेल, हेड कांस्टेबल अजय प्रजापति, कांस्टेबल अभिषेक यादव और आरक्षी हिमांशु यादव शामिल रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुशीनगर और देवरिया में चोरी तथा आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक