home page

सुलतानपुर : खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आकर नाबालिग लड़के की मौत

 | 
सुलतानपुर : खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आकर नाबालिग लड़के की मौत


सुलतानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बल्दीराय तहसील क्षेत्र के हलियापुर थाना अंतर्गत एक गांव में रविवार सुबह खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आने से एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई।

हलियापुर थाना अंतर्गत पूरे नोखे मजरे मेघमऊ गांव निवासी आर्यन (16) रविवार सुबह अपने घर के सामने स्थित चरी के खेत में गया था। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी बैजनाथ तिवारी ने फसल की सुरक्षा के लिए खेत की मेड़ पर लगाई झटका मशीन में विद्युत तार जोड़ दिया था। इसी दौरान बेटा मेड़ की तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। हलियापुर थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने भी नाबालिग लड़के की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग लड़के की मौत के बाद प्रशासन ने खेतों में लगे सीधे विद्युत करंट और झटका मशीनों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी प्रभात सिंह ने किसानों को ऐसी मशीनें तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में तारों में विद्युत करंट या झटका मशीन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त