सुलतानपुर में सड़क हादसा, दो लोगों की मौत
सुलतानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र मे बरौंसा-बगियागांव मार्ग पर ओडौली के पास बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे युवक और बाइक सवार एक अन्य युवक चपेट में आ गए। हादसे में बाइक पर सवार तीसरा युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र मे बरौंसा-बगियागांव मार्ग से बीती देर शाम शिव बालक अपनी बहन के घर से शिवम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। ओडौली स्थित तहसील मुख्यालय के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पैदल चल रहे बम्बहादुर यादव से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में शिव बालक और बम्बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाइक पर सवार शिवम इस हादसे में सुरक्षित बच गया।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बांसगांव निवासी शिव बालक (36) और ओडौली अठैसी निवासी बम्बहादुर यादव (36) की मौत हो गयी।
बम्बहादुर यादव दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह धान की रोपाई के लिए पांच दिन पहले अपने घर आए थे और वापस दिल्ली जाने की तैयारी में थे। घर से महज 100 मीटर की दूरी पर हुए इस हादसे में उनकी जान चली गई। उनके परिवार में पत्नी नीलू और तीन बेटे विशाल, ऋषभ तथा नैतिक हैं।
वहीं, शिव बालक खरकपुर में मोटरसाइकिल मरम्मत का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी अनीता, बेटी अंशिका और बेटे अंश व शनि शामिल हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया है। जयसिंहपुर के प्रभारी कोतवाल विवेक राय ने शनिवार को बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

