ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
अमेठी, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार शुक्ल रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और एक बच्ची की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य बच्चा अत्यंत गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की रात लगभग 09 बजे के करीब जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के बाजार शुक्ल रोड से होकर गुजरने वाली लखनऊ वाराणसी रेलखंड पर रेलवे लाइन पार करते समय एक महिला और दो बच्चे रेलवे ट्रेन की चपेट में आ गए। जिसके चलते महिला और उसकी बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल तीनों लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर भिजवाया। जहां पर मां बेटी को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि बेटे की गंभीर अवस्था में प्राथमिक इलाज करने के बाद ट्रामा सेंटर पर कर दिया गया है।
घटना के संबंध में जगदीशपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त तीनों लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हम लोग प्रयास कर रहे हैं कि महिला के घर परिवार का पता लग सके जिससे उनके परिजनों को सूचित किया जा सके। फिलहाल मां बेटी के लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

