सड़क हादसों में दो की मौत, दर्जनों घायल
औरैया, 03 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार दलेलनगर निवासी सितारा पत्नी मजीद को अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं शेखपुर अजीतमल निवासी राजेश पुत्र सूबेदार सिंह (50) को गंभीर हालत में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
हादसों में गिरधारीपुरा निवासी अनमोल (12), गढ़ श्रीनगर अटसू निवासी अनूप (40), ओम (9), पूजा (30), भाषण निवासी पिंटू (44), झींझक कानपुर देहात निवासी महेश (35) व सूरज (15), अजीतमल निवासी देवराज (20), मीरपुर निवासी प्रियंका (22), हिमांशु (18) व सेवा (15), शेखपुर निवासी आनंद (42) सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में सूरज, आनंद समेत तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

