स्कूल बस की टक्कर से एक छात्र की मौत, दूसरा घायल
फतेहपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को सड़क हादसे में स्कूल जा रहे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी सहित आला अधिकारियों ने मौके पर पहुँच कर मृतक परिवार को हर तरह की शासन से मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया।
खखरेरू थाना क्षेत्र के चकिया-बैरी मार्ग पर गुरु हेल्थ पॉली क्लीनिक के सामने स्कूल बस संख्या UP71AT2365 का चालक लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। इसी दौरान सामने से साइकिल से स्कूल जा रहे आयुष कुमार (13) पुत्र शंकर लाल निवासी बैरी को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्र बस के नीचे फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं घायल शालू यादव को तत्काल सीएचसी खखरेरू ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मंझनपुर (कौशाम्बी) रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में मृतक के पिता शंकर लाल की तहरीर पर थाना खखरेरू में बस चालक चमन सिंह, निवासी चरकी थाना धाता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसे गैर इरादतन हत्या व हत्या के प्रयास के आरोप में जेल भेजा जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एआरटीओ टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और परिवहन विभाग द्वारा भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है । दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

