home page

यमुना पुल पर ट्रक ने मोटरसाइकिल में मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, एक की हालत नाजुक

 | 
यमुना पुल पर ट्रक ने मोटरसाइकिल में मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, एक की हालत नाजुक


शव रखकर परिजनों व ग्रामीणों ने किया हंगामा, सड़क जाम

फतेहपुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार बीती रात यमुना नदी पुल पर भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आज सुबह दोनों शवों को जरौली मार्ग स्थित चुनहा कुआं के पास सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण जिला प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।

असोथर थाना क्षेत्र के जरौली गांव निवासी शिवम सिंह (18) पुत्र बछऊ, शनी निषाद (22) पुत्र लोटन निषाद व बसंता (20) पुत्र श्यामकरण बाइक से गैर जनपद बांदा के मर्का बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रामनगर कौहन स्थित यमुना नदी पुल पर अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि शिवम और शनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बसंता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

परिजनों ने बताया कि मृतक शनी निषाद की शादी 21 अप्रैल 2026 को हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद युवक की मौत से परिजनों में मातम छा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यमुना पुल पर लंबे समय से प्रकाश व्यवस्था नहीं है और सड़क भी जर्जर हालत में है। पुल पर अंधेरा, गड्ढे और तेज रफ्तार भारी वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने खराब सड़क और प्रकाश व्यवस्था की कमी को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही असोथर थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज मय फोर्स मौके पर पहुंचे। साथ ही थरियांव पुलिस, राधानगर थाना पुलिस, गाजीपुर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान चंद्र राय सहित भारी पुलिस बल घटनास्थल से लेकर असोथर तक तैनात रहा। पुलिस ने एहतियातन जरौली-कौहन मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान चंद्र राय ने बताया कि परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार