अभाविप ने समस्याओं को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ, 20 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई की ओर से सोमवार को विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने स्नातक पाठ्यक्रमों में बढ़ाई गई शुल्क वृद्धि सहित अन्य बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। जिसमें मुख्य रूप से स्नातक (यूजी) प्रवेश परीक्षा शुल्क एवं विभिन्न पाठ्यक्रमों के सेमेस्टर शुल्क में की गई वृद्धि को वापस लेने। विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध पानी की गुणवत्ता की जांच कराकर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने। साइबर लाइब्रेरी में लंबे समय से खराब पड़े एसी को शीघ्र ठीक कराने तथा साइबर लाइब्रेरी में इंटरनेट (वाईफाई) व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने की मांग की गई। साथ ही साथ विश्वविद्यालय को इन सभी बिंदुओं के समाधान के लिए चार कार्य दिवसों का समय दिया।
इस अवसर पर अभाविप के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि 'विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होना चाहिये। बढ़ी हुई फीस एवं बुनियादी सुविधाओं की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाता है तो विद्यार्थी परिषद छात्र हित में व्यापक आंदोलन करने के लिये बाध्य होगी।'
अभाविप लखनऊ महानगर की महानगर मंत्री सरिता पाण्डेय ने कहा कि 'छात्रों के लिए स्वच्छ पानी, अध्ययन के लिए उचित वातावरण और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधायें अत्यंत आवश्यक हैं। साइबर लाइब्रेरी में एसी खराब होने और इंटरनेट व्यवस्था बाधित रहने से विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे तुरंत ठीक किया जाना चाहिये।'
वहीं अभाविप लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष जय श्रीवास्तव ने कहा कि 'अभाविप सदैव छात्र हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के कारण आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। हम प्रशासन से आग्रह करते हैं कि छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके मौके पर लखनऊ के विभाग संगठन मंत्री पुष्पेंद्र बाजपेई, राष्ट्रीय कला मंच की प्रान्त संयोजक हर्षिका सिंह, लखनऊ उत्तर जिले के जिला संयोजक अभिषेक सिंह, लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई के उपाध्यक्ष वर्तिका कुशवाहा, आर्यन शर्मा, कौस्तुभ, इकाई मंत्री आर्यन कुशवाहा, सह मंत्री आशुतोष त्रिपाठी, कला मंच संयोजक तनु यादव, अक्षय द्विवेदी, उत्कर्ष, उत्सव पटेल, हर्षित, सिद्धार्थ, अवधेंद्र तिवारी, राहुल राजपूत हर्षित शुक्ला, उत्कर्ष सिंह, अभिषेक उपाध्याय समेत तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

