झारखंड में छात्रों पर हुए लाठी चार्ज के खिलाफ लखनऊ में अभाविप का प्रदर्शन
लखनऊ, 13 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में हुए जेपीएससी एवं जेएसएससी सीजीएल परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं एवं पेपर लीक के मामले को लेकर के सीबीआई जांच की मांग कर रहे विद्यार्थियों के ऊपर किए गए लाठी चार्ज के खिलाफ लखनऊ में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। अभाविप के लखनऊ महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास इकट्ठा हुए जहां उन्होंने झारखंड सीएम के मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद हजरतगंज चौराहे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाया।
प्रदर्शन करने वाले छात्रों और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा में भ्रष्टाचार, अनियमितताएं और पेपर लीक हुए हैं जब इन मुद्दों को लेकर झारखंड में छात्र शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहा था तो उन पर पुलिस ने बर्बरता से लाठी चार्ज किया।
प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात कर रहे छात्रों की बात सरकार सुनने की बजाय उनके खिलाफ ही है तानाशाही रवैया अपनाकर लाठीचार्ज कर रही है। अभाविप छात्रों पर बर्बरता पूर्वक हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करती है और पेपर लीक के मामले की सीबीआई जांच की मांग करती है और भविष्य में ऐसा दोबारा ना हो इसके लिए झारखंड सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग करती है।
महानगर मंत्री सरिता पांडे ने कहा कि पेपर लीक सरकार के लापरवाही से हो रहे हैं और सरकार विद्यार्थियों पर लाठी चार्ज करती है जिसके विरोध में आज हम यहां पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और झारखंड सरकार से मांग कर रहे हैं कि आंदोलनरत छात्रों की मांगों को तत्काल स्वीकार करें और परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनुमतिताओं पर कठोर कार्यवाही करे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

