home page

अभाविप का अनूठा अभियान, एक दिन में 12 नगर इकाइयों की बैठकें

 | 
अभाविप का अनूठा अभियान, एक दिन में 12 नगर इकाइयों की बैठकें


संगठन विस्तार व आगामी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

झांसी, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) झांसी महानगर द्वारा एक विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 12 नगर इकाइयों की बैठकें आयोजित की गईं। इस पहल को संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत शिवाजी नगर, दुर्ग नगर, हंसारी नगर, बरुआसागर, बड़ागांव, सदर, सीपरी, आरी, वबीना, विश्वकर्मा नगर, रक्सा और प्रेम नगर में अलग-अलग स्थानों पर बैठकें सम्पन्न हुईं। बैठकों में प्रांत व महानगर स्तर के पदाधिकारियों ने प्रवासी के रूप में भाग लेकर नगर इकाइयों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान संगठन की कार्यप्रणाली, नगर स्तर की गतिविधियों की समीक्षा, विद्यार्थी संपर्क अभियान और संगठन विस्तार जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उन्हें सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने और अधिक से अधिक छात्रों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठकों में महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह, प्रांत सह प्रमुख रसकेंद्र गौतम, जिला प्रमुख डॉ. रश्मि सेंगर व डॉ. अनुराग सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। नगर इकाइयों के अध्यक्ष और मंत्री भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया