अभाविप गोरक्ष प्रांत का चार दिवसीय अभ्यास वर्ग बस्ती में सम्पन्न, 17 संगठनात्मक जिलों के 300 कार्यकर्ताओं ने की सहभागिता
गोरखपुर, 29 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गोरक्ष प्रांत के चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग का आयोजन 25 जून से 28 जून तक बस्ती स्थित स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सम्पन्न हुआ। इस अभ्यास वर्ग में गोरक्ष प्रांत के सभी 17 संगठनात्मक जिलों से आए सैकड़ों छात्र एवं शिक्षक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, कार्यदृष्टि, वैचारिक अधिष्ठान, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, संगठन विस्तार तथा राष्ट्र पुनर्निर्माण में विद्यार्थी की भूमिका जैसे विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अभ्यास वर्ग का विधिवत शुभारंभ अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य हिमालय सिंह झाला, प्रांत अध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह, प्रांत मंत्री शशिकांत मंगलम गुप्ता एवं प्रांत संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। चार दिवसीय अभ्यास वर्ग में संगठनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास को केंद्र में रखते हुए कुल आठ प्रशिक्षण सत्र एवं दो प्रेरक भाषण सत्र आयोजित किए गए। उद्घाटन सत्र में प्रांत अध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए अभ्यास वर्ग की रूपरेखा, उद्देश्य एवं महत्ता पर प्रकाश डाला।
प्रथम भाषण सत्र में प्रो. राजशरण शाही ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इसके उपरांत अभाविप के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही ने सैद्धांतिक भूमिका विषय पर परिषद की विचारधारा एवं कार्यदृष्टि को स्पष्ट किया। अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने परिसर इकाई , राष्ट्रीय कला मंच के अखिल भारतीय प्रमुख अंकित शुक्ला ने सक्षम इकाई , केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य हिमालय सिंह झाला ने कार्यपद्धति, नेपाली विद्यार्थी कार्य के संयोजक प्रियांशु त्रिपाठी ने आयाम एवं कार्य-गतिविधि , प्रांत मंत्री शशिकांत मंगलम गुप्ता ने सदस्यता, कार्यकारिणी एवं पुनर्गठन , प्रांत संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल ने प्रवास, संपर्क एवं संवाद तथा प्रांत अध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह ने कार्यकर्ता व्यवहार एवं विकास विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। द्वितीय भाषण सत्र में राष्ट्रीय कला मंच के अखिल भारतीय प्रमुख अंकित शुक्ला ने संत शिरोमणि गुरु रविदास के जीवन, दर्शन एवं सामाजिक समरसता पर प्रेरक उद्बोधन दिया।
अभ्यास वर्ग के समारोप सत्र में संगठन विस्तार एवं कार्य की प्रभावी गति को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के नवीन कार्यक्षेत्रों की घोषणा प्रांत अध्यक्ष डॉ. राकेश प्रताप सिंह द्वारा की गई। घोषित कार्यक्षेत्रों के अनुसार अंकित मिश्रा को सिद्धार्थनगर विभाग, राजवर्धन सिंह को गोरखपुर महानगर विभाग, अभिषेक श्रीवास्तव को गोरखपुर ग्रामीण विभाग, अमर्त्य सुंदरम पाण्डेय को देवरिया विभाग, आदित्य गाँधी को कुशीनगर विभाग, रंजीत सिंह को बलिया विभाग तथा सात्विक श्रीवास्तव को आजमगढ़ विभाग का दायित्व प्रदान किया गया। इसी अवसर पर गोरखपुर महानगर विभाग के विभाग प्रमुख के रूप में प्रो. सुषमा पांडेय, विभाग संयोजक के रूप में प्रशांत त्रिपाठी तथा विभाग छात्रा प्रमुख के रूप में सम्पदा द्विवेदी की घोषणा भी की गई।
अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा विद्यार्थी परिषद का कार्य सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है। परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय परिसर के प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुँचकर उसे संगठन, समाज और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का सतत प्रयास करता है। विद्यार्थी परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है। परिषद की कार्यसंस्कृति 'मैं' नहीं, 'हम' के भाव पर आधारित है, जहाँ सामूहिकता, आत्मीयता और सबको साथ लेकर चलने की परंपरा ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संगठन, समाज और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करता है।
राष्ट्रीय कला मंच के अखिल भारतीय प्रमुख अंकित शुक्ला ने संत शिरोमणि गुरु रविदास विषय पर आयोजित भाषण सत्र में कहा सनातन इस धरती पर जन्मे प्रत्येक व्यक्ति का डिफॉल्ट ऑपरेटिंग सिस्टम है और समरसता उसका मूल स्वभाव है। भक्ति आंदोलन केवल आध्यात्मिक जागरण का ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का भी आंदोलन था। संत रविदास ने अपने जीवन और वाणी से समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, सेवा और आत्मीयता का संदेश दिया। विद्यार्थी परिषद भी इन्हीं जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना,और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

