home page

अभाविप कार्यकर्ताओं से मिले जिलाधिकारी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

 | 
अभाविप कार्यकर्ताओं से मिले जिलाधिकारी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन


लखनऊ, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय बांदा में विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा पांच दिनों से चलाया जा रहा आंदोलन शुक्रवार को प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। पांचवें दिन जिलाधिकारी अमित आसेरी ने स्वयं अभाविप का ज्ञापन लिया और मांगों के समाधान के लिए स्पष्ट समय सीमा निर्धारित की।

अभाविप ने महिला छात्रावास के संचालन, महाविद्यालय के जर्जर भवनों की मरम्मत, खेल मैदान में बाउंड्रीवाल, खेल सामग्री की जांच एवं उपलब्धता, पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकों, परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरीकरण, छात्र-छात्राओं के प्रसाधन तथा कक्षाओं के नियमित संचालन सहित विभिन्न मांगें प्रशासन के समक्ष रखी थीं। लिखित आश्वासन के अनुसार महिला छात्रावास को 1 नवंबर, प्रशासनिक एवं अन्य समितियों के गठन को 4 अक्टूबर, समय-सारिणी के प्रदर्शन को 7 अक्टूबर, प्रसाधन एवं कक्षाओं की व्यवस्था को 17 अक्टूबर तथा परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरीकरण को 25 अक्टूबर तक पूरा किए जाने की समय सीमा दी गई है। खेल सामग्री की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई 3 नवंबर तक तथा खेल मैदान की बाउंड्रीवाल का निर्माण तीन माह के भीतर पूरा किए जाने का आश्वासन दिया गया है।

अभाविप बांदा के जिला संयोजक कार्तिकेय गुप्ता ने बताया कि महाविद्यालय की मूलभूत एवं शैक्षणिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अभाविप ने पांच दिनों तक शांतिपूर्ण आंदोलन किया। प्रशासन द्वारा मांगों पर कार्रवाई के लिए लिखित समय सीमा दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया है। महिला छात्रावास के संचालन, कक्षाओं एवं प्रसाधन व्यवस्था, परिसर के सुंदरीकरण, खेल सुविधाओं, पुस्तकालय तथा बाउंड्रीवाल सहित सभी विषयों पर निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का आश्वासन मिला है। अभाविप इन कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन की अपेक्षा करती है और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक सहयोग एवं संवाद जारी रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन