home page

अभिव्यक्ति 2026 का समापन आईआईटी कानपुर में, डीप-टेक नवाचार को मिला मजबूती

 | 
अभिव्यक्ति 2026 का समापन आईआईटी कानपुर में, डीप-टेक नवाचार को मिला मजबूती


कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के स्टार्टअप इंक्यूबेशन और इनोवेशन सेंटर (एसआईआईसी) ने सोमवार को अभिव्यक्ति 2026 का दो दिवसीय डीप-टेक सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय “उन्नत शोध को वैश्विक समाधान में बदलना” था और इसमें देशभर के स्टार्टअप्स, नीति-निर्माता, निवेशक और वैज्ञानिक शामिल हुए।

इस अवसर पर एसआईआईसी के निदेशक ने कहा, “अभिव्यक्ति 2026 ने स्टार्टअप्स को तकनीक प्रस्तुत करने के साथ शोध को व्यावसायिक समाधान में बदलने और निवेशकों से मार्गदर्शन पाने का अवसर दिया। इससे स्टार्टअप्स को वैश्विक स्तर पर तैयार होने में मदद मिली।”

कार्यक्रम में 150 से अधिक स्टार्टअप्स ने भाग लिया, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, मेडटेक, क्लीनटेक, रक्षा एवं एयरोस्पेस, साइबर सुरक्षा, फिनटेक, इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स और कृषि तकनीक जैसे क्षेत्रों से जुड़े थे। उद्घाटन समारोह में के. विजयेंद्र पांडियन (आईएएस), आयुक्त, कानपुर एवं कुलपति, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, और श्री विनय कुमार पाठक, कुलपति, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर उपस्थित थे।

कार्यक्रम में शोध और बाजार के बीच की दूरी कम करने, जोखिम घटाने और फंडिंग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। दूसरे दिन नए बैच लॉन्च, समझौते और कार्यशालाएं आयोजित की गईं। महिलाओं द्वारा संचालित एक विशेष पैनल ने डीप-टेक में उनकी भूमिका को भी उजागर किया।

पिच बैटल में एथ्रोन एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड ने पहला स्थान प्राप्त किया, इसके बाद गोफ्लोट टेक्नोलॉजीज और सिमैक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। प्रदर्शनी और नेटवर्किंग से स्टार्टअप्स और निवेशकों के बीच सीधी बातचीत हुई, जिससे साझेदारी और फंडिंग के अवसर बने।

अभिव्यक्ति 2026 ने एसआईआईसी की प्रतिबद्धता को दिखाया कि वह स्टार्टअप्स को शोध से बाजार और वैश्विक स्तर तक पहुचाने में मदद करता है। एसआईआईसी, आईआईटी कानपुर, 2000 में स्थापित, 500 से अधिक स्टार्टअप्स को समर्थन देता है और रक्षा, एयरोस्पेस, फिनटेक, स्वास्थ्य और सतत विकास क्षेत्रों में काम करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप