home page

हर घर तिरंगा अभियान के जिला संयोजक बने अभिनव दीक्षित

 | 
हर घर तिरंगा अभियान के जिला संयोजक बने अभिनव दीक्षित


कानपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर ने आगामी 'हर घर तिरंगा' और 'तिरंगा यात्रा' अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित को जिला संयोजक नियुक्त किया है। वहीं पारस मदान, सीमा कमल और आशीष बाजपेई को अभियान का सह संयोजक बनाया गया है।

जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने सोमवार को बताया कि 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को अपने आवासों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए सभी मंडलों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला और मंडल स्तर पर भव्य तिरंगा यात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा संगठन का लक्ष्य है कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया जाए और स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाए। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप