स्मार्ट मीटर ‘स्मार्ट चीटर’ बनकर जनता को लूट रहा : संजय सिंह
-उप्र में 3 मई से पूरे में स्मार्ट मीटर की लूट के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी आम आदमी पार्टी
लखनऊ, 28 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर अब ‘स्मार्ट चीटर’ बनकर जनता को लूट रहे हैं और इनकी रफ्तार मिल्खा सिंह से भी तेज हो गई है।
उन्होंने कहा कि जहां पहले 1500 रुपये का बिजली बिल आता था, वहीं अब छह से सात हजार रुपये तक बिल पहुंच रहा है और प्रीपेड मीटर में रिचार्ज के बाद भी 10-12 घंटे बिजली बहाल नहीं होती। इसी के साथ उन्होंने “रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा के पांचवें चरण की घोषणा करते हुए बताया कि यह यात्रा 16 मई से मेरठ से शुरू होकर 20 मई को गाजियाबाद में समाप्त होगी, जिसमें रोजगार, सामाजिक न्याय और किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी 3 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी, जिसमें हस्ताक्षर अभियान, जनजागरण और विरोध प्रदर्शन शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगाए गए लगभग 80 लाख मीटरों में से 70 लाख प्रीपेड मीटर हैं, जो जनता को ठगने का काम कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान अन्य मुद्दों पर पूछे गए प्रश्नों के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस में भारी बढ़ोतरी छात्रों के साथ अन्याय है और इस पर वह सरकार को पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर विश्वास जताया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में एकतरफा जीत होगी, जबकि केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में ये क्षेत्र नहीं हैं, जिसका परिणाम है कि मिर्जापुर में एंबुलेंस के बाहर महिला का प्रसव जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

