home page

गोशालाओं की बदहाली और गौवंशों की मौत की हो न्यायिक जांच : वंशराज दुबे

 | 
गोशालाओं की बदहाली और गौवंशों की मौत की हो न्यायिक जांच : वंशराज दुबे


लखनऊ, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश आम आदमी पार्टी (आआपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने प्रदेश की गोशालाओं की बदहाली और गोवंश की मौतों को लेकर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कथित तौर पर बदायूं की गोशालाओं में जलभराव से हुई मौतों का हवाला देते हुए पूरे मामले की हाईकोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने और गोवंश संरक्षण के बजट पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

वंशराज दुबे ने बुधवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि बदायूं के म्याऊं ब्लॉक के अभिगांव और सालारपुर के ब्यौर स्थित गोशालाओं में कई दिनों तक बारिश का पानी और कीचड़ भरा रहा। उनके मुताबिक, गोवंशों के लिए पर्याप्त शेड, सूखा भूसा और जल निकासी की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों के अनुसार 80 से 100 गायों की मौत हुई, जबकि प्रशासन ने 34 मौतों की जानकारी दी है। उन्होंने इन मौतों के लिए हाइपोथर्मिया समेत जलभराव और अव्यवस्थाओं को जिम्मेदार बताया।

आआपा प्रवक्ता ने कहा कि मामले में ग्राम पंचायत सचिव और बीडीओ को निलंबित करने, एनजीओ के खिलाफ एफआईआर और पशु चिकित्सकों पर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे कर्मचारियों और चिकित्सकों पर कार्रवाई कर वास्तविक जिम्मेदार अधिकारियों को बचाया जा रहा है। उनका कहना था कि गोशालाओं के रखरखाव और जलनिकासी की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है।

वंशराज दुबे ने दावा किया कि बदायूं की घटना प्रदेश की गोशालाओं की व्यापक बदहाली का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई जिलों में भी अस्थायी गोशालाओं में शेड, बाउंड्री और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है। साथ ही उन्होंने छुट्टा पशुओं से किसानों की फसल बर्बाद होने और सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने सरकार से गोशालाओं पर खर्च बजट और गोवंश की मौतों का श्वेत पत्र जारी करने, कथित अनियमितताओं की न्यायिक जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा सभी गोशालाओं में लाइव सीसीटीवी व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आप प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा