home page

युवाओं को रोजगार देने और पेपर लीक रोकने में पूरी तरह विफल है भाजपा सरकार : पंकज अवाना

 | 
युवाओं को रोजगार देने और पेपर लीक रोकने में पूरी तरह विफल है भाजपा सरकार : पंकज अवाना


आम आदमी पार्टी यूथ विंग संगठन नवनिर्माण बैठक सम्पन्न, वासिफ़ इसरार बने प्रदेश महासचिव

लखनऊ, 30 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) यूथ विंग उत्तर प्रदेश द्वारा शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर संगठन नवनिर्माण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने की। बैठक में संगठन विस्तार, प्रदेश के युवाओं से जुड़े मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से वासिफ़ इसरार को आम आदमी पार्टी यूथ विंग उत्तर प्रदेश का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया। बैठक में प्रदेश भर में संगठन को मजबूत करने तथा बेरोजगारी और लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए यूथ विंग प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने तथा निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में नीट, एसएससी सहित 93 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के आरोप सामने आए हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। वर्षों तक तैयारी करने वाले छात्र आज अपने भविष्य को लेकर असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहे हैं, लेकिन सरकार समस्या का समाधान करने के बजाय उसे छिपाने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का युवा रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर है। सरकारी नौकरियों में लगातार देरी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का विश्वास तोड़ा है। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। प्रदेश के लाखों शिक्षित युवा नौकरी की प्रतीक्षा में अपनी उम्र और अवसर दोनों गंवा रहे हैं।

पंकज अवाना ने कहा कि एक तरफ बेरोजगारी चरम पर है तो दूसरी तरफ महंगाई लगातार बढ़ रही है। आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं और अब उत्तर प्रदेश सरकार बिजली दरों में लगभग 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है। इससे आम जनता, छात्रों और युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर काम करने के बजाय जनता की जेब पर लगातार भार बढ़ा रही है।

सर्वसम्मति से प्रदेश महासचिव नियुक्त किए जाने पर वासिफ़ इसरार ने पार्टी नेतृत्व और सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। आम आदमी पार्टी यूथ विंग युवाओं के अधिकारों, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उनकी आवाज़ उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी आठों प्रांतों में संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा तथा अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़कर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। यूथ विंग गांव, कस्बों और शहरों तक संगठन को मजबूत करते हुए युवाओं के हितों की लड़ाई को और व्यापक बनाएगी।

पंकज अवाना ने कहा कि आम आदमी पार्टी यूथ विंग प्रदेश के युवाओं की आवाज़ बनकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक युवाओं की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी यूथ विंग उत्तर प्रदेश के सभी आठों प्रांतों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित कर संगठन विस्तार अभियान चलाएगी और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।

बैठक में अवध प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, मुकेश झा, राहुल यादव, अमर सिंह, युवराज सिंह, प्रकाश चौरसिया, आशुतोष मौर्य, संतोष यादव, ऋतिक, अरमान, विक्रम जादौन, वाशिम अहमद, कामरान, ऋतु, राज आर्य, राकेश, मंजूम खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा