भाजपा सरकार में छोटे व्यापारियों, रेहड़ी -पटरी वालों और सर्राफा कारोबारियों का जीवन संकट में : मनोज मिश्रा
लखनऊ, 13 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) उत्तर प्रदेश के व्यापार प्रकोष्ठ की प्रथम प्रादेशिक बैठक बुधवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए व्यापारियों, छोटे कारोबारियों, रेहडी-पटरी संचालकों और सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मनोज मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यापारियों के साथ लगातार दोहरा व्यवहार किया जा रहा है और भाजपा सरकार पूरी तरह से व्यापारी विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के मार्गदर्शन में व्यापारियों की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाया जाएगा।
मनोज मिश्रा ने कहा कि आज प्रदेश का छोटा व्यापारी, ठेला-खोमचा लगाने वाला, रेहडी-पटरी संचालक और मध्यम कारोबारी आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। बढ़ती महंगाई, प्रशासनिक उत्पीड़न, स्थानीय दबंगों की गुंडागर्दी और सरकारी उपेक्षा के कारण व्यापारी वर्ग आत्महत्या तक करने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और व्यापारी भय के माहौल में अपना व्यवसाय करने को मजबूर हैं। उन्होंने चित्रकूट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि खुलेआम व्यापारियों को गोली मारी जा रही है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
मनोज मिश्रा ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील ने सर्राफा कारोबारियों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सर्राफा व्यापारी करोड़ों रुपये का निवेश कर कारोबार चलाते हैं, बैंक ऋण और ईएमआई भरते हैं, दुकान का किराया और कर्मचारियों का वेतन देते हैं। ऐसे में यदि सरकार स्वयं लोगों से खरीदारी न करने की अपील करेगी तो हजारों व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सर्राफा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां केवल बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं। छोटे व्यापारी भी टैक्स उसी तरह भरते हैं जैसे बड़े कारोबारी भरते हैं, लेकिन सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और सरकारी संरक्षण के मामले में उनके साथ भेदभाव किया जाता है।
मनोज मिश्रा ने मांग करते हुए कहा कि 50 हजार रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का व्यापारिक ऋण लेने वाले छोटे व्यापारियों का कर्ज तत्काल माफ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश का व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करते हुए व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाएगा और हर जिले में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन भाजपा सरकार ने इस वर्ग को केवल टैक्स वसूली का माध्यम बनाकर छोड़ दिया है।
इस दौरान निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, अंकित परिहार सहित कई व्यापारी मौजूद रहे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

