ट्रेड डील के खिलाफ आआपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन
लखनऊ, 14 फ़रवरी (हि.स.)। भारत और अमेरिका के बीच हुए ट्रेड डील को देश की संप्रभुता, किसानों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों पर सीधा हमला बताते हुए आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर शनिवार को पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश व्यापी प्रदर्शन राजधानी लखनऊ समेत सभी जिला मुख्यालयों पर एक साथ किया गया।
लखनऊ के स्वास्थ्य भवन चौराहे पर जिलाध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में पार्टी के प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के बीच झड़प हुई। बाद पुलिस सभी को गिरफ्तार कर इको गार्डन ले गई। पार्टी ने आरोप लगाया है कि यह समझौता भारतीय कृषि बाजार को अमेरिकी हितों के लिए खोलने, रूस से सस्ता तेल खरीद बंद कराने, व्यापारिक असमानता थोपने और देश को कमजोर करने की साजिश है। इसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से निवर्तमान महासचिव दिनेश पटेल, प्रितपाल सिंह सलूजा, फरजाना परवीन, सुरभि, प्रेरणा, रईसा, अभिषेक सिंह, प्रियंका श्रीवास्तव, प्रखर श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, तुषार श्रीवास्तव, ललित बाल्मीकि, अंकित परिहार, पीके बाजपेई, ज्ञान सिंह, बलराम साहनी, फुरकान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

