home page

संजय सिंह ने 'स्कूल ठीक करो' अभियान के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर

 | 
संजय सिंह ने 'स्कूल ठीक करो' अभियान के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर


लखनऊ, 22 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को 'स्कूल ठीक करो' अभियान की शुरुआत की। इसके लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 8382928009 जारी किया है। जनता से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के खराब स्कूलों, जलभराव, टूटी सड़कों और मिड-डे मील में मिल रहे खराब खाने का वीडियो बनाकर इस नंबर पर भेजें।

संजय सिंह ने राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि राजनीति अब जाति-धर्म के जाल से निकलकर शिक्षा और रोजगार पर आ रही है। यह देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने तथाकथित उत्तर प्रदेश के 55 सरकारी स्कूलों के वीडियो दिखाते हुए कहा कि ये वीडियो 'ऑपरेशन कायाकल्प' के जरिए स्कूलों की सूरत बदलने की हकीकत को झुठला रहे हैं। संजय सिंह ने दावा किया कि वाराणसी, गोरखपुर, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़ और महोबा जैसे जिलों में स्कूलों की छतें टपक रही हैं। टॉयलेट टूटे हैं और बच्चों के पास बैठने के लिए डेस्क-बेंच तक नहीं हैं।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने शिक्षा को शेरनी का दूध कहा था लेकिन भाजपा चाहती है कि गरीब के बच्चे अनपढ़ रहें ताकि वे अपने अधिकारों के लिए दहाड़ न सकें। सांसद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी को पता है कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाकर वोट मिल जाएगा। इसलिए वे स्कूलों और सड़कों पर ध्यान देने के बजाय समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में खराब स्कूलों की 'प्रदर्शनी' लगाएगी ताकि जनता भाजपा के दावों और हकीकत के अंतर को देख सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा