home page

(संशाेधित) मंदिर ट्रस्ट घोटाले की एसआईटी रिपोर्ट का एक पन्ना गायब किया गया : संजय सिंह

 | 
(संशाेधित) मंदिर ट्रस्ट घोटाले की एसआईटी रिपोर्ट का एक पन्ना गायब किया गया : संजय सिंह


लखनऊ, 20 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राम मंदिर प्रकरण में आराेप लगाया कि पूर्व में गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की रिपोर्ट का एक 'पन्ना गायब कर दिया गया था। संजय सिंह ने कथित ताैर पर गायब पन्ना नंबर छह' काे पत्रकाराें के समक्ष सार्वजनिक किया।

संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने वर्तमान एसआईटी अध्यक्ष किरन एस. को पत्र लिखकर 26 अहम दस्तावेज सौंपने के लिए मिलने का समय मांगा है। एसआईटी रिपोर्ट की कॉपी दिखाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता वाली एसआईटी रिपोर्ट से पन्ना नंबर छह गायब कर दिया गया था, जो अब मिल गया है। इस पन्ने में साफ लिखा है कि बैंक के साथ तय नियमों (एसओपी) को शिथिल किया गया, जिसके कारण मंदिर में चोरी और गबन की परिस्थितियां उत्पन्न हुईं।

संजय सिंह ने सवाल उठाया कि जो लोग प्रभु श्री राम के मंदिर के नाम पर आए पैसे में भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं, उनके खिलाफ योगी और मोदी सरकार सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें 'क्लीन चिट' का कवच क्यों दे रही है ? सांसद ने बताया कि उन्होंने वर्तमान एसआईटी अध्यक्ष किरन एस. को ईमेल भेजकर मिलने का समय मांगा है। वे पूर्व में दिए गए 13 दस्तावेजों के अलावा 13 नए (कुल 26) दस्तावेज सौंपना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एसआईटी ने इन पुख्ता सुबूतों के आधार पर निष्पक्ष जाँच नहीं की, तो वे खुद सारे कागजात लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएँगे।

हिन्दुस्थान समाचार / Siyaram Pandey