उप्र में पीएम आवास योजना में बड़ा घोटाला, गरीबों के हक पर डाका डाला : वंशराज दुबे
लखनऊ, 15 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्तर प्रदेश के 427 लाभार्थियों द्वारा अलग-अलग निवास और पहचान दिखाकर दो-दो आवास हासिल किये गये हैं। यह दावा करते हुए आम आदमी पार्टी (आआपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने घाेटाला का आराेप लगाया है।
उन्होंने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि यह सिर्फ योजना में गड़बड़ी नहीं बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों के अधिकारों की खुली लूट है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की जांच में सामने आया यह मामला साबित करता है कि प्रदेश में सुशासन और पारदर्शिता के दावे केवल कागजों और विज्ञापनों तक सीमित हैं जबकि जमीन पर भ्रष्टाचार का संगठित नेटवर्क काम कर रहा है।
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई थी, लेकिन उत्तर प्रदेश में इसका लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचने के बजाए फर्जीवाड़े और साठगांठ का शिकार हो गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की जांच में प्रदेश के 427 ऐसे लोगों की पहचान हुई है जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) दोनों का लाभ उठाकर दो-दो आवास हासिल कर लिए। ललितपुर में 50, बांदा में 26, सीतापुर और प्रतापगढ़ में 21-21 मामलों का सामने आना बताता है कि यह कोई इक्का-दुक्का गलती नहीं बल्कि सुनियोजित भ्रष्टाचार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

