home page

मनोज मिश्रा बने आम आदमी पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष

 | 
मनोज मिश्रा बने आम आदमी पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष


लखनऊ, 29 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा ) उत्तर प्रदेश ने अपने संगठनात्मक विस्तार को आगे बढ़ाते हुए व्यापार प्रकोष्ठ को नई दिशा देने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह की स्वीकृति से मनोज मिश्रा को बुधवार को व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने इस नियुक्ति के माध्यम से प्रदेश के व्यापारी वर्ग के मुद्दों को मजबूती से उठाने और संगठन को ज़मीनी स्तर तक विस्तार देने का स्पष्ट संकेत दिया है।

प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने इस नियुक्ति पर कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा से व्यापारियों के हितों की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी यह लड़ाई और तेज़ होगी। उन्होंने कहा कि संगठन को हर ज़िले और हर बाज़ार तक मज़बूत किया जाएगा, ताकि व्यापारियों की समस्याओं को सीधे सरकार के सामने उठाया जा सके और उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी व्यापारियों पर हो रहे किसी भी प्रकार के अन्याय और शोषण के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियाँ हमेशा जनहित और पारदर्शिता पर आधारित रही हैं और वह इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर प्रदेश के व्यापारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ को हर ज़िले और हर बाज़ार तक मज़बूत किया जाएगा ताकि व्यापारी वर्ग की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके।

उन्होंने आगे कहा कि आज प्रदेश का व्यापारी वर्ग कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन उनकी आवाज़ को सुनने वाला कोई नहीं है। आम आदमी पार्टी इस स्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है और व्यापारियों को एक मज़बूत राजनीतिक और सामाजिक मंच प्रदान करेगी।

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत हर वर्ग चाहे वह व्यापारी हो, किसान हो, युवा हो या शिक्षक को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से उठाने का संकल्प लिया गया है। पार्टी ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में व्यापारियों के मुद्दों को लेकर प्रदेश भर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा