home page

विकास नगर झुग्गी बस्ती अग्निकांड पीड़ितों से मिला आआपा का प्रतिनिधिमंडल, हालात का लिया जायजा

 | 
विकास नगर झुग्गी बस्ती अग्निकांड पीड़ितों से मिला आआपा का प्रतिनिधिमंडल, हालात का लिया जायजा


विकास नगर झुग्गी बस्ती अग्निकांड पीड़ितों से मिला आआपा का प्रतिनिधिमंडल, हालात का लिया जायजा


लखनऊ, 16 अप्रैल (हि.स.)। लखनऊ के विकास नगर की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग की घटना पर आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर गुरुवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। उन्होंने भीषण अग्निकांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। इस हादसे में सैकड़ों घर जलकर राख हो गए, हजारों लोग बेघर हो गए और दो मासूमों की जान चली गई। पार्टी ने इस घटना को अत्यंत दर्दनाक बताते हुए सरकार से तत्काल राहत, मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है।

इस दौरान आप के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि सरकार की तरफ से राहत सही से नहीं पहुंचाई गई। वहीं लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने बताया कि इस हादसे में एक 06 महीने की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे झुलस गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा पीड़ितों को वहां से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद अमानवीय है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल राहत सामग्री और राशन उपलब्ध कराए, सभी प्रभावित परिवारों के नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए और जिन लोगों की इच्छा है, उन्हें उसी स्थान पर दोबारा बसाने की व्यवस्था की जाए।

इस दौरान पार्टी के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा, ऑटो प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतपाल सलूजा, प्रांतीय सचिव प्रीतेश चौधरी ,प्रांतीय सचिव अभिषेक सिंह, ज्ञान सिंह कुशवाहा और पीके बाजपेई शामिल रहे।

इससे पूर्व आम आदमी पार्टी के सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने अपने एक्स हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा कि लखनऊ के विकास नगर की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपना आशियाना, मेहनत की कमाई और रोज़गार के साधन खो दिए हैं, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल घरों का नुकसान नहीं है, बल्कि उन सपनों और उम्मीदों का भी अंत है जिन्हें इन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से संजोया था। संजय सिंह ने कहा कि सरकार से आग्रह है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और उनके पुनर्वास व रोजगार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि वे फिर से अपने जीवन को संभाल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा