आंधी, बारिश के नुकसान का आंकलन करने पहुंचे एसडीएम
हाथरस, 05 अप्रैल (हि.स.)। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। रविवार को एसडीएम मनीष चौधरी ने कुरसंडा और करसौरा गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम ने खेतों में जाकर कटी हुई फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी से भरे खेत, गिरी हुई गेहूं की बालियां और खराब होती सब्जियों की फसल देखी। कई स्थानों पर खेतों में पानी भर जाने से कटाई के बाद पड़ी फसल भीग गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनीष चौधरी ने किसानों से बातचीत की। किसानों ने बताया कि तीन दिनों से खराब मौसम के कारण कटाई प्रभावित हुई है। खेतों में खड़ी और कटी दोनों तरह की फसलें प्रभावित हुई हैं, जिनमें गेहूं, आलू और हरी सब्जियां शामिल हैं।
एसडीएम ने बताया कि सादाबाद क्षेत्र आलू उत्पादन के लिए जाना जाता है, लेकिन इस समय गेहूं की फसल भी बड़े पैमाने पर खेतों में तैयार और कटी पड़ी है। ओलावृष्टि, बारिश और तेज हवा से किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत राहत प्रक्रिया शुरू कर दी है। नुकसान के आंकलन के लिए क्षेत्र के सभी लेखपालों को सर्वे कार्य में लगाया गया है। कृषि विभाग की टीम भी अलग से खेतों का सर्वे कर रही है, ताकि वास्तविक नुकसान का सही आंकलन हो सके। तहसीलदार और नायब तहसीलदार को भी गांवों में जाकर किसानों से बातचीत करने और फसलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा कि सर्वे रिपोर्ट आने के बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत प्रदान की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

