home page

अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत, साथी घायल

 | 
अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत, साथी घायल


प्रयागराज, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित दारागंज थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुल पर रविवार भोर में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में मध्य प्रदेश के सीधी जिले में स्थित बहरी थाना क्षेत्र के गजहरिया उन्मुक्त गांव निवासी अदीप सोधिया (33) पुत्र स्वर्गीय शेषमणि सोधिया की मौत हुई है। हादसे में उसका साथी कुशल पुत्र रामसिया घायल हुआ है। पुलिस टीम ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के भाई अयोध्या वर्मा ने बताया कि हमारे गांव से परिचित पांच छह लोग शहर के अतरसुइया थाना क्षेत्र के हर्षवर्धन नगर मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहते हैं। जीवन यापन के लिए शादी विवाह में हलवाई का काम करते हैं। मेरा भाई अपने साथी कुशल के साथ मोटरसाइकिल से अंदावा का आर्डर करने के बाद घर के लिए वापस आ रहा था। रास्ते में दारागंज थाना क्षेत्र में रविवार भोर में शास्त्री पुल पर किसी ट्रक की टक्कर से मेरे भाई अदीप की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर हम लोगों को सूचना दी। परिवार से तहरीर लेकर पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल