सड़क किनारे खड़े युवक को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत
हमीरपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में हमीरपुर राठ हाईवे में स्वासा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बाइक के पास खड़े युवक को टक्कर मार दी। बाइक ट्रक में फंसकर काफी दूर तक घसीटती चली गई। वहीं ट्रक की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने घायल को छानी अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
ललपुरा थाना क्षेत्र के कलौलीलीजार गांव निवासी रामकुमार (40) पुत्र बौरा बाइक से अपनी ससुराल मोराकांदर गया था। रविवार को साले लखन के साथ गांव कलौलीजार लौट रहा था। बाइक लखन चला रहा था। तभी राठ हाईवे स्वासा मोड़ के पास सोनी पेट्रोल पम्प के करीब बाइक खड़ी करके लखन पेशाब करने चला गया। रामकुमार बाइक के पास खड़ा हो गया। तभी तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारते हुए काफी दूर तक बाइक को घसीटता हुआ भाग गया। ट्रक की टक्कर से रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची ललपुरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक अपने पीछे दो लड़की आरती, सन्ध्या व लड़के सत्यम, कृष्णा, गगन तथा पत्नी संगीता को रोता बिलखता छोड़ गया। प्रधान प्रतिनिधि लाल दिवान ने बताया बड़ी लड़की आरती की सगाई हो गई थी। शादी की तारीख तय नहीं हुई थी। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। मृतक का साला लखन ने बताया बहनोई के करीब एक बीघे जमीन है, वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। थाना प्रभारी राकेश सरोज ने बताया कि मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

