हाईवे के गड्ढे में घुसी बाइक तो छात्र उछल कर डंपर की नीचे आया, मौत
तीन बहनों के बीच इकलौता था भाई
एचयूएल में ड्यूटी कर रहे पिता को देने जा रहा था खाना
हमीरपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पिता को खाना देने जा रहा छात्र सुमेरपुर कस्बे में बस स्टैंड के पास गुरुवार को शाम गाय से बचने के चक्कर में उसकी बाइक गड्ढे में चली गई। जिससे वह उछल कर डंपर के नीचे जा घुसा। डंपर उसे कुचलता हुआ निकल गया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर को लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है।
सुमेरपुर कस्बे के ग्रीन लाज के पीछे रहने वाले राजाबाबू प्रजापति एचयूएल कर्मी है। उसके स्थान में काम करने कर्मी के न आने पर उसे डबल ड्यूटी करनी पड़ गई। इस पर उसका पुत्र मोहन (18) उन्हें खाना देने के लिए बाइक से फैक्टरी जा रहा था। तभी गुरुवार की शाम करीब सवा छह बजे बस स्टैंड के नजदीक गाय से बचने के चक्कर में उसकी बाइक गड्ढे में चली गई।जिससे वह उछल कर कानपुर की ओर जा रहे डंपर के पिछले पहियों में जा घुसा। डंपर चालक उस पर वाहन चढ़ाते हुए कुचलता हुआ निकल गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं अचानक हुई घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पिता राजाबाबू ने बताया कि तीन बेटियों के बीच एक इकलौता पुत्र था। हादसे के बाद मां मीरा एवं पिता एवं बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्र कस्बे एक विद्यालय में ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ता था। थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि हादसे में एक छात्र की मौत हो गई है। शव कब्जे में लेकर मौके से फरार डंपर चालक की तलाश कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

