प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर मोतीझील में सजा कवि सम्मेलन
कानपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुधवार को भाजपा नेता रवि बाजपेयी के संयोजन में मोतीझील स्थित लाजपत भवन में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और हास्य-व्यंग्य से जुड़ी कविताओं ने श्रोताओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में लोगों ने देर रात तक कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
रवि बाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और समाज के प्रति संकल्प के अवसर के तौर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साहित्य और कविता समाज को जोड़ने तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इसी उद्देश्य से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विधाओं के कवियों को अपनी रचनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में कवि स्वयं श्रीवास्तव, धीरज सिंह चंदन, हेमंत पांडेय, शंभू शिखर, गौरव चौहान, मणिका दुबे, प्रीति पांडेय और आदित्य जैन ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कवियों ने देशप्रेम, सामाजिक जीवन, बदलते परिवेश और समसामयिक विषयों पर रचनाएं सुनाईं। हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों पर श्रोता देर तक ठहाके लगाते रहे, जबकि देशभक्ति से जुड़ी कविताओं पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
आयोजक रवि बाजपेयी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को साहित्य और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कविता केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और लोगों में जागरूकता पैदा करने का भी सशक्त माध्यम है। सम्मेलन के दौरान उपस्थित लोगों ने कवियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन कवियों और अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

